9 कुंडलीय रुद्र महायज्ञ को लेकर निकाली शोभायात्रा

रिपोर्ट: वीरेश सिंह, अम्बालिका न्यूज़,
मांझी (सारण): मांझी प्रखंड के दाउदपुर पंचायत अंतर्गत संकटमोचन धाम गायत्री नगर दुमदुमा गांव में आयोजित नव कुण्डीय श्री रुद्र महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से निकलते ही पूरा वातवरण हर-हर महादेव, जय हनुमान के जयघोष से गूंज उठा। कलश यात्रा में रंग-बिरंगे परिधान में शामिल होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष युवक-युवतियां व बच्चे हर्षपुरा, बंगरा आदि गांव से होकर गुजरते हुए मांझी के प्रसिद्ध राम घाट स्थित सरयू नदी के पावन तट पर पहुचें। तत्पश्चात यज्ञाचार्य पंडित अमित शास्त्री के सानिध्य में पूर्ण विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ गंगे की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालु जलभरी कर यज्ञ मंडप के लिए प्रस्थान किये। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में बाजे-गाजे व सैकड़ो वाहनों के साथ भाग
लिया। कलश को यज्ञ स्थल पर स्थापित कर आचार्य पंडितो व विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नव कुण्डीय श्री रुद्र महायज्ञ की शुरुआत की। आयोजको ने बताया कि यह यज्ञ श्री मनोकामना नाथ महादेव मंदिर के तृतीय वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। यह महायज्ञ सात दिनों तक चलेगा। 13 मार्च को विशाल भंडरा के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। यह अनुष्ठान समस्त ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है।