फाइलेरिया खत्म करने के लिए मांझी में चला दवा खिलाने का अभियान

रिपोर्ट: मनोज कुमार सिंह, अम्बालिका न्यूज़,
मांझी (सारण)। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत गुरुवार को माँझी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रोहित कुमार के नेतृत्व में प्रखंड के कई टोलो मुहल्लों एवम ईंट भट्ठों पर आदिवासी मजदूरों के साथ बंजारों की टोली में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मेडिकल टीम ने सैकड़ो लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाया। साथ ही उन्हें फाइलेरिया रोग के प्रति जगरूक भी किया। उन्होंने बताया की फाइलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए माँझी प्रखंड में लगातार सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए मेडिकल टीम घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने फाइलेरिया की दवा खिला रही हैं। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर रोग है। फाइलेरिया की दवा सेवन से ही इससे बचा जा सकता है। कभी-कभी फाइलेरिया के परजीवी शरीर में होने के बाद भी इसके लक्षण सामने आने में वर्षों लग जाते हैं। इसलिए फाइलेरिया की दवा का सेवन सभी लोगों के लिए लाभप्रद है। उन्होंने बताया लोग खाली पेट दवा का सेवन नहीं करें। उन्होंने बताया दो साल से कम उम्र के बच्चे,गंभीर रोग से ग्रसित एवं गर्भवती महिलाओं को फाइलेरिया की दवा नहीं खिलाई जाएगी। इस अवसर पर विवेक कुमार ब्याहुत, अनीश गुणाकर, कृष्णा कुमार, जयंत कुमार आदि स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।