वरीय जदयू नेता निरंजन सिंह ने जदयू जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोला, लगाए गंभीर आरोप

रिपोर्ट:वीरेश सिंह, अम्बालिका न्यूज़,
मांझी (सारण): सारण जिला जदयू के अध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू द्वारा जिला महासचिव को पद एवं पार्टी से निकाले जाने से आहत वरीय जदयू नेता निरंजन सिंह ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1998 से समता पार्टी में शामिल होकर अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। तब से अबतक वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सच्चे सिपाही की तरह पार्टी हित में काम करते रहे हैं। वे दल छोड़कर कहीं नही जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर जिलाध्यक्ष द्वारा लगाया गया आरोप पूरी तरह निराधार तथा दल के संविधान के खिलाफ है। किसी भी पार्टी से निष्कासित करने से पहले कारण पृच्छा की परिपाटी रही है। जिसका पालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वे पूर्व में दो बार जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके हैं तथा हजारों मत देकर लोगों ने उनपर भरोसा भी जताया है। जिस फोटो को आधार बनाया गया है वह उनके पंचायत के पूर्व मुखिया विजय सिंह के दरवाजे का है। जहां अन्य दल के नेताओं के साथ वे भी श्री सिंह के बुलावे पर यहां भोज में शामिल होने गए थे। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह वे इस मामले को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा तथा सीएम नीतीश कुमार से मिलकर उनके समक्ष रखेंगे। उन्होंने जिलाध्यक्ष पर कथित तौर पर अपने परिवार की जेबी पार्टी बनाने जैसे कई संगीन आरोप भी लगाया।
इस मौके पर रणजीत सिंह, विश्वकर्मा महतो, संदीप कुमार, नीरज साहनी, बिंदु पाण्डेय, सत्येन्द्र भगत, शिव कुमार राम, रामाज्ञा सिंह, कुंदन सिंह, विकास सिंह, शिव कुमार राम समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।