लोकसभा चुनाव के लिए बीडीओ ने की विधि व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक

रिपोर्ट: नवनीत मिश्र, अम्बालिका न्यूज़,
बनियापुर (सारण): प्रखंड के श्रीकृष्ण मेमोरियल सभा कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बनियापुर के सभी बीएलओ व सेक्टर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बीडीओ कर्पूरी ठाकुर ने बैठक में एक-एक बिंदु पर कर्मियों व पदाधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने बनियापुर में बने 17 तथा मांझी क्षेत्र के 3 बूथों के सेक्टर पदाधिकारियों एवं 206 बीएलओ को निर्देशित करते कहा कि क्षेत्र के सभी बूथों पर चुनाव से संबंधित सम्पूर्ण व्यवस्था कर लेनी है। प्रतिनियुक्त कर्मी, पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर यह सुनिश्चित कर लेंगे कि बूथ पर हर तरह की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही चारपहिया वाहन आने-जाने के लिए लिए सड़क आदि की व्यवस्था भी होनी चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी का नाम छूटा हो तो उसे तुरंत जोड़ा जाए। वहीं उन्होंने 10 मॉडल बूथों की व्यवस्था से संबंधित सभी बिन्दुओं पर चर्चा की।
बैठक में अंचलाधिकारी दीनानाथ कुमार, बनियापुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, सहाजितपुर थानाध्यक्ष जीत मोहन कुमार, बीईओ भाग-2 रामेश्वर यादव, बीएओ अभय कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी रामनरेश चौधरी, बीसीओ समेत सभी बीएलओ एवं सेक्टर पदाधिकारी शामिल थे।