सारण: एक नज़र में अम्बालिका न्यूज़ पर एकमा की फटाफट अंदाज की खबरें

मारपीट की घटनाओं में सात लोग घायल

एकमा। एकमा पुलिस अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटनाओं में सात लोग घायल हो गए।घायलों में हेकाम गांव के प्रिंस कुमार सिंह, एकमा टोले विशुनपुरा गांव के रंजन कुमार, करईलिया गांव के रौशन यादव, सुरेन्द्र यादव, आकाश यादव, देवजीत कुमार समेत सात लोग शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केन्द्र में किया गया। इस संबंध में थाने में एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

//

मकान के छत से गिरकर महिला घायल

एकमा/लहलादपुर। एकमा पुलिस अंचल क्षेत्र के सीमावर्ती लहलादपुर प्रखण्ड के लश्करीपुर गांव में मकान के छत से गिर जाने से विद्यावती देवी घायल हो गई। परिजनों ने तत्काल घायल महिला को निजी वाहन से लाकर एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिए भर्ती कराया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. इरफान अहमद ने बताया कि घायल महिला के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। बताया जाता है कि पैर फिसल जाने से महिला मकान के छत से गिर गई थी।

//

पुलिस ने शराब के धंधेबाज को भेजा जेल

एकमा। एकमा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर परसागढ़ गांव में छापेमारी कर फरार शराब के कारोबारी प्रभु चौधरी को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर गंजपर गांव में शराब पीकर हंगामा कर रहे शीतलपुर गांव के धनजी महतो को एकमा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार दोनों आरोपितों को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
बताया जाता है कि एकमा थाने की पुलिस की जानकारी में गंजपर व परसागढ़ गांव में शराब का निर्माण और बिक्री गैरकानूनी तरीके से हो रहा है। इस गैरकानूनी काम के चलते सामाजिक वातावरण बिगाड़ रहा है।