इस बार जीत का चौका लगाएंगे सुभाष सिंह, बरेजा पैक्स अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन
रिपोर्ट: संजय कुमार पाण्डेय, अम्बालिका न्यूज़ दाउदपुर (मांझी): मांझी प्रखंड क्षेत्र के बरेजा और मटियार पंचायत में पैक्स अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए अभ्यर्थियों का नामांकन शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। बरेजा पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए कुल चार अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि सदस्य पद के लिए 20 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे। प्रखंड मुख्यालय पर समर्थकों के साथ पहुंचे निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह समेत चार अभ्यर्थियों ने अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया, जिनमें विवेक कुमार सिंह, विजय शंकर शुक्ला और पूनम देवी भी शामिल हैं।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में सुभाष सिंह ने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से वे लगातार तीन बार पैक्स अध्यक्ष चुने गए हैं और इस बार भी जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार भी वे जीत दर्ज कर चौथी बार अध्यक्ष बनकर क्षेत्र के किसानों और सदस्यों की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में किसानों को खाद, बीज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया गया है तथा आगे भी किसानों के हित में कार्य जारी रहेगा।
वहीं मटियार पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों—धनंजय ठाकुर और भोला यादव—ने नामांकन किया है, जबकि सदस्य पद के लिए 22 लोगों ने पर्चे दाखिल किए हैं। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र दास ने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 9 और 10 मार्च को होगी। 11 मार्च को अभ्यर्थिता वापसी और चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 मार्च को मतदान कराया जाएगा तथा मतदान के बाद मतगणना की जाएगी। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारी की जा रही है।