जेपी स्मारक प्रतिष्ठान परिसर सिताब दियारा को ग्रीन ज़ोन में बदलने की पहल शुरू: डॉ. सत्य प्रकाश
जेपी की जन्मभूमि पर पर्यावरण मित्र डॉ सत्य प्रकाश के नेतृत्व में पौधारोपण कर लोगों को किया गया जागरूक
रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज़
छपरा (सारण): लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा को ग्रीन ज़ोन में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जेपी स्मारक प्रतिष्ठान परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। यह अभियान गोपालगंज जिले के हथुआ निवासी शिक्षक सह पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
डॉ. सत्य प्रकाश ने जेपी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद बिहार के सारण स्थित सिताब दियारा लाला टोला तथा उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अवस्थित जयप्रकाश नारायण स्मारक प्रतिष्ठान परिसर में कर्मियों एवं ग्रामीणों के साथ संयुक्त रूप से पौधारोपण किया।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण क्रांति के पुरोधा लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि को अधिक हरित, शीतल और शांत वातावरण से भरपूर “ग्रीन ज़ोन” के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक ग्रामीण परिवार के दरवाजे पर एक-एक फलदार पौधा लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि आम, अमरूद, आंवला, बेल, अमलतास, नीम आदि पौधों को लोग अपने नाम से लगा रहे हैं, जो जेपी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। समाज के सभी वर्गों को जोड़ने वाली संपूर्ण क्रांति की भावना की तरह लगाया गया हर पौधा सभी लोगों को लाभ पहुंचाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत जेपी स्मारक प्रतिष्ठान के सचिव अशोक कुमार सिंह और आलोक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पौधा लगाकर किया। इसके उपरांत प्रतिष्ठान की देखरेख कर रहे कर्मियों एवं ग्रामीणों ने भी पौधारोपण में भाग लिया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
डॉ. सत्य प्रकाश ने प्रतिष्ठान में संरक्षित जेपी से संबंधित कई दुर्लभ पुस्तकों का अवलोकन किया तथा लोगों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कृषि पदाधिकारी आनंद गोवर्धन सिंह, शिक्षक बलिराम कुमार गुप्ता, भगवान मल्लाह, रामदुलार पासवान, रामनाथ साह, संजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार यादव आदि मौजूद थे।