राजनीति को समझने वाले संवेदनशील व्यक्तित्व हैं वाई. बी. गिरी — ओम प्रकाश सिंह
— आमडाढ़ी, एकमा (सारण) के पूर्व मुखिया, ओम प्रकाश सिंह की कलम से
एकमा (सारण)। वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रखर वक्ता वाई. बी. गिरी न केवल अपने पेशे में पारंगत हैं, बल्कि एक समावेशी और संतुलित सोच वाले व्यक्तित्व भी हैं। अत्यधिक उम्र के बावजूद उनकी स्मरणशक्ति और लोगों को पहचानने की क्षमता आश्चर्यजनक रूप से तीव्र है। दो दिन उनके साथ बिताने का अवसर मिला, जिसमें उनके सहज, मृदुभाषी और अनुशासित व्यवहार ने गहरी छाप छोड़ी।
वाई. बी. गिरी एक मंजे हुए राजनैतिक रणनीतिकार की तरह व्यवहार करते हैं। वे क्राइम सेक्टर में बरसों से वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में सक्रिय रहे हैं। बिहार के अनेक प्रमुख राजनेताओं के मामलों की पैरवी उन्होंने हाईकोर्ट में की है। राजनीति को वे एक संभावना का खेल मानते हैं, और मांझी विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव लड़ने की बात भले जन सुराज पार्टी के बैनर तले कर रहे हों, परंतु उनके वक्तव्यों में भावी प्रत्याशी बनने से अधिक पार्टी की कमजोर कड़ियों की गहराई से पड़ताल दिखती है।
वे अपने सहयोगियों के प्रति भी अत्यंत विनम्र हैं। यदि कोई उनके साथ रहते हुए भी कोई असंगत या अनुचित बात कहता है, तो वे उसे सार्वजनिक रूप से टोकने के बजाय अलग से समझाने का तरीका अपनाते हैं। एक कुशल प्रशासक की तरह वे अनुमंडल स्तर की गुटबाजियों और स्थानीय समीकरणों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि उन्हें वाई. बी. गिरी से यह सीख मिली कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पण, त्याग और कभी-कभी अपने स्वार्थों की भी बलि देनी पड़ती है। यही एकता और शक्ति का आधार बनता है। राजनीति को वे कभी-कभी “मजबूरी की राह” भी मानते हैं, जहां समय और परिस्थिति के अनुसार निर्णय बदलने की आवश्यकता होती है।
वाई. बी. गिरी की यह दृष्टि, अनुभव और संतुलन उन्हें एक प्रेरक और मार्गदर्शक राजनेता के रूप में स्थापित करता है। सारण की राजनीति में उनके जैसे संतुलित सोच रखने वालों की आवश्यकता हमेशा बनी रहेगी।
प्रस्तुति: अम्बालिका न्यूज (www ambalikanews com)





