हर कॉलेज में स्थापित हो विवेकानंद केंद्र, विद्या का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें: कुलपति
युवा भारत कार्यक्रम में युवाओं को मिला विवेकानंद के विचारों से जुड़ने का संदेश
के. के. सिंह सेंगर/अम्बालिका न्यूज ब्यूरो, छपरा (सारण):जयप्रकाश विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना एवं विवेकानंद केंद्र, कन्याकुमारी (शाखा छपरा) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में ‘युवा भारत कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो परमेन्द्र कुमार बाजपेई एवं अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद एवं कुलदेवता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण कर किया गया। मंत्रोच्चार प्रो बी.एन. मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक प्रो हरिश्चंद्र ने किया। स्वागत भाषण विभाग संघटक श्री धर्मदास जी ने दिया, जबकि स्वागत गीत शोध छात्रा अनूषा एवं अर्चना ने प्रस्तुत किया।
कुलपति प्रो बाजपेई ने अपने उद्बोधन में कहा कि विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि “विद्या और अविद्या में संतुलन न होने के कारण हम गुलाम बने। जो भी सीख रहे हैं, उसका उपयोग अपने शहर और राष्ट्र के लिए करें। अपेक्षाहीन होकर कार्य करना ही सच्चा कर्मयोग है।” उन्होंने कहा कि विज्ञान और अध्यात्म को साथ लेकर चलना चाहिए, क्योंकि किसी भी क्षण मनुष्य कर्मरहित नहीं रह सकता। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक महाविद्यालय में विवेकानंद केंद्र की स्थापना की जानी चाहिए। ताकि युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और सेवा भावना का विकास हो।
धन्यवाद ज्ञापन प्रो कृष्ण कुमार, संकायाध्यक्ष वाणिज्य संकाय ने किया। इस अवसर पर प्रो शमी अहमद, प्रो अजीत कुमार तिवारी, प्रो अनिल कुमार सिंह, प्रो अशोक कुमार, प्रो उदय अरविंद, प्रो इरफान अली, प्रो सुशील कुमार श्रीवास्तव, परीक्षानियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्र, प्रो सिद्धार्थ शंकर, प्रो मुश्ताक, प्रो ऊषा सिंह, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. पप्पू यादव, डॉ. अमित प्रकाश, डॉ. नीतू सिंह, प्रो गुणसागर यादव, प्रो मजहर किबरिया सहित अनेक गणमान्य मौजूद थे।