सीपीएस, छपरा परीक्षा केंद्र पर तिलक, पुष्पवर्षा व गुलाब से हुआ सीबीएसई परीक्षार्थियों का स्वागत
अभिभावकों ने की पहल की सराहना, पहले दिन सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई गणित की परीक्षा
रिपोर्ट: के. के. सिंह सेंगर, अम्बालिका न्यूज़ ब्यूरो,
छपरा (सारण): शहर के चांदमारी रोड स्थित सीपीएस, छपरा परीक्षा केंद्र पर सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिन गणित विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। केंद्र पर कुल 874 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 869 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 5 छात्र अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के पहले दिन सीपीएस परिवार द्वारा सभी परीक्षार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर तथा गुलाब भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में सकारात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों के साथ आए अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का स्वागत छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और परीक्षा के तनाव को कम करता है।
इस अवसर पर सीपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन की अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और धैर्य ही सफलता की असली कुंजी है तथा संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं, बल्कि छात्रों का समग्र व्यक्तित्व विकास करना है।
इस केंद्र पर आर. एन. पी. पब्लिक स्कूल, मिर्चैया टोला, डी. गंज, ज्योति सेंट्रल हाई स्कूल, एकमा, रिद्धि-सिद्धि सेंट्रल स्कूल, नचाप, मांझी, नूतन शिक्षा निकेतन, दाउदपुर व हेज़लवुड स्कूल, सनपुरवा, सांढ़ा के छात्र-छात्राएँ परीक्षा में सम्मिलित हुए।
परीक्षा केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई। परीक्षार्थियों की सघन जाँच के बाद ही प्रवेश दिया गया तथा सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा आयोजित की गई। केंद्र अधीक्षक एवं पर्यवेक्षकों की सक्रिय मौजूदगी में परीक्षा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।सीपीएस, छपरा परीक्षा केंद्र प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों को आगामी सभी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।