पैक्स चुनाव: एकमा के 14 पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष व 5 पंचायतों में कार्यकारिणी सदस्य हेतु वोटिंग हो रही आज
सुबह 7:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा मतदान
एकमा के 39 बूथों पर 24089 वोटर आज करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
नवादा में पैक्स अध्यक्ष व 10 पंचायतों में सदस्यों का हो चुका है निर्विरोध निर्वाचन
मतदान अधिकारी व कर्मी शाम में विभिन्न बूथों पर पहुंचे
रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज़,
एकमा (सारण): एकमा प्रखंड क्षेत्र में रविवार को होने वाले पैक्स चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 14 पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष व 5 पंचायतों में कार्यकारिणी सदस्य हेतु 39 बूथों पर होने वाले चुनाव के लिए मतदान कर्मियों व सुरक्षा बलों को एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित खेल मैदान में स्थापित डिस्पैच सेंटर से मतदान सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया। सभी कर्मी शनिवार शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए।
इसकी जानकारी देते हुए एकमा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार ने देते हुए बताया कि रविवार को होने वाले पैक्स चुनाव में सुबह 7:00 से लेकर शाम 4:30 बजे तक 24089 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मत पेटियों को शाम को प्रखंड मुख्यालय स्थित ई किसान भवन में जमा कराया जाएगा। सोमवार को चुनाव की मतगणना संपन्न होगी। डिस्पैच सेंटर पर मतदान अधिकारी व कर्मियों को निर्वाची पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीपीआरओ अंगेश कुमार यादव वह पुलिस निरीक्षक सह एकमा थानाध्यक्ष उदय कुमार ने संबोधित किया।
इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मतदान अधिकारियों व कर्मियों को स्वच्छ व शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराने संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि एकमा प्रखंड के कुल 18 पंचायतों में से इस बार 15 पंचायत में पैक्स चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। नवादा पंचायत में पैक्स अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो चुका है।
कार्यकारिणी सदस्य के लिए इन 5 पंचायत में होगा चुनाव:
रविवार को एकमा प्रखंड के कुल 14 ग्राम पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष एवं मात्र पांच पंचायतों क्रमशः चनचौरा, परसा पूर्वी, फुचटीकला, माने व हुस्सेपुर में कार्यकारिणी सदस्यों के अलग-अलग कोटि के लिए मतदान होना है।
पैक्स अध्यक्ष के लिए इन 14 पंचायत में होगा चुनाव:
वहीं पैक्स अध्यक्ष पद के लिए नवादा पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन हो जाने के बाद अब 14 ग्राम पंचायतें में पैक्स अध्यक्ष के लिए रविवार को मतदान होगा। पैक्स अध्यक्ष पद के लिए होने वाले ग्राम पंचायतों में क्रमशः आमडाढ़ी, असहनी, बनपुरा, बिंदा लाल के रामपुर, चंचौरा, परसा दक्षिणी, एकसार, फुचटी कला, हुस्सेपुर, माने, पचुआ, परसा पूर्वी, परसा उत्तरी व रसूलपुर शामिल हैं।