झारखंड पुलिस के एएसआई श्याम सिंह उर्फ छोटू सिंह गणतंत्र दिवस पर हुए राज्यपाल पदक से अलंकृत
नेशनल एथलीट विकास सिंह राठौर सहित कई लोगों ने दी बधाई
रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज़
एकमा (सारण): बिहार के सारण जिला के एकमा प्रखंड के हरपुर गांव के निवासी व झारखंड पुलिस में पदस्थापित एएसआई श्याम सिंह उर्फ छोटू सिंह को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य समारोह में झारखंड राज्यपाल पदक से अलंकृत किया गया। राज्यपाल संतोष गंगवार द्वारा उन्हें यह सम्मान उनकी अदम्य साहस, उत्कृष्ट सेवा और वीरता कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
ज्ञात हो कि 15 अगस्त 2023 को भी एएसआई श्याम सिंह को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया था।
श्याम सिंह की नियुक्ति वर्ष 1999 में हुई थी और तब से उन्होंने अपने सेवा काल में असाधारण कार्यों से पहचान बनाई है। वर्ष 2007 में चतरा जिले में नक्सली को हथियार सहित पकड़ने पर मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार, वहीं 2010 में सराहनीय सेवा के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार उन्हें मिल चुका है।
इसके अलावा 2002 से अब तक झारखंड स्टेट शूटिंग कॉम्पटीशन में राइफल, कार्बाइन, स्टेनगन और पिस्तौल वर्ग में लगातार गोल्ड मेडल जीतते रहे हैं और कई बार ओवरऑल चैम्पियन रह चुके हैं। अपने पूरे सेवा काल में उन्हें लगभग 250 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं और उल्लेखनीय बात यह है कि उन्हें आज तक एक भी दंड नहीं मिला है।
उनकी इस उपलब्धि पर झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक एवं एकमा ब्लॉक के योगिया गांव निवासी नेशनल एथलीट विकास सिंह राठौर ने बधाई देते हुए कहा है कि श्याम सिंह जैसे कर्मठ और साहसी अधिकारी पर पूरा विभाग गर्व करता है। उन्होंने बताया कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में सावन जैसे महत्वपूर्ण मेले में श्याम सिंह के साथ शानदार ड्यूटी निभाने का अनुभव हमेशा यादगार रहा है।
श्याम सिंह के भाई सुधीर सिंह भी झारखंड पुलिस में एसआई पद पर सेवारत हैं। वर्तमान में श्याम सिंह झारखंड के देवघर में पदस्थापित हैं।