
जन सुराज का उद्देश्य सिर्फ सरकार बदलना नहीं, बल्कि व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन लाना है: उदय शंकर सिंह
कला गुर्दहां में जन संवाद सह मिलन समारोह का हुआ आयोजन
अम्बालिका न्यूज,
मांझी (सारण): मांझी विधानसभा क्षेत्र के कौरु धौरु पंचायत के कला गुर्दहां में रविवार को वरिष्ठ जन सुराज नेता उदय शंकर सिंह द्वारा जन संवाद सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता रंजन शर्मा ने की।
जन सुराज के वरिष्ठ नेता व मुखिया प्रतिनिधि उदय शंकर सिंह ने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य केवल सरकार बदलना नहीं, बल्कि व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन लाना है। ताकि बिहार का हर व्यक्ति विकास की मुख्यधारा में शामिल हो सके।
कार्यक्रम में कौरु धौरु पंचायत के पूर्व मुखिया शिवप्रसाद साह, जो अब तक भाजपा समर्थक थे, ने अपने समर्थकों के साथ जन सुराज की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा, विभिन्न दलों से जुड़े 249 समर्थकों ने भी जन सुराज से जुड़ने का निर्णय लिया।
इस मौके पर जन सुराज के नेता ब्रजेंद्र कुमार सिंह उर्फ मुन्ना भवानी, बिनोद मांझी, नीरज तिवारी, केदारनाथ सिंह, अनिल राम, टिमान खां, हसनुद्दीन खां, हरिभजन महतो, मुखिया वीणा देवी सहित कई जन सुराज साथियों ने बिहार में सुधार व विकास की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए।
जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मांझी विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के भावी प्रत्याशी उदय शंकर सिंह ने कहा कि अगर बिहार में प्रशांत किशोर का जन सुराज आता है, तो ये पांच प्रमुख काम पूरे होंगे:
1. शिक्षा व्यवस्था में सुधार: हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
2. स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति: गांव से शहर तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
3. रोजगार का अवसर: युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने की ठोस व्यवस्था होगी।
4. कृषि क्षेत्र का विकास: किसानों को आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
5. भ्रष्टाचार पर लगाम: शासन-प्रशासन में पारदर्शिता लाकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाएगा।

