बाल दिवस: प्रारंभिक विद्यालयों में बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई चाचा नेहरू की जयंती
रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज ब्यूरो
एकमा (सारण): देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती एकमा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई।
इसी क्रम में उत्क्रमित मध्य सह उच्च माध्यमिक विद्यालय गौसपुर के परिसर में प्रधानाध्यापिका अनीता पांडेय की अध्यक्षता में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई।
शिक्षक कमल कुमार सिंह ने कहा कि 14 नवंबर 1889 ई को हमारे देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म हुआ था। 1925 में बाल दिवस की शुरुआत की गई थी। तभी से हर साल 14 नवंबर को हमारे देश में बाल दिवस मनाया जाता है। यह दिवस भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के रूप में भी मनाई जाती है। पंडित नेहरू बच्चों के काफी प्रिय थे। इसलिए बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से पुकारते हैं।
इस दौरान चाचा नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर भाषण, गीत-संगीत, कविता, चित्रकला आदि विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानाध्यापिका अनीता पांडेय के द्वारा कलम, पेंसिल और कॉपी देकर पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर विद्यालय की एचएम अनीता पांडेय, शिक्षक दिग्विजय गुप्ता, ओमप्रकाश यादव, योगेश सिंह, कमल कुमार सिंह, छवि नाथ मांझी, कृष्ण कुमार चतुर्वेदी, अंजू कुमारी, विभा कुमारी, सोनाली नंदा, राज मोहम्मद अंसारी सहित छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
उधर एकमा बीआरसी परिसर में बीईओ रागिनी कुमारी, शिक्षक रश्मि रंजन, संजय कुमार भारती, संसाधन शिक्षक सुजीत कुमार, दयाशंकर पांडेय, अरुण कुमार यादव, कन्या मध्य विद्यालय सह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में एचएम अरुण कुमार सिंह, उत्क्रमित मध्य विद्यालय टेसुआर के परिसर में एचएम उपेंद्र सिंह, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ शशि भूषण शाही, मध्य विद्यालय हंसराजपुर में प्रधानाध्यापक वीर बहादुर ततवां, प्राथमिक विद्यालय आमडाढ़ी, कर्णपुरा में शैलेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पंडित जवाहरलाल नेहरु की जयंती आयोजित कर छात्र छात्राओं को देश के प्रथम प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की गई।
उधर रामाधार सिंह बीएड कॉलेज आमडाढ़ी, प्राथमिक विद्यालय राजापुर, आरएन उच्च विद्यालय योगियां, नवादा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लाकठ छपरा, एकसार, परसागढ़, अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय एकमा, पांडेय छपरा, अंबिका दादा हाईस्कूल छित्रवलिया आदि में भी चाचा नेहरू के जयंती धूमधाम से मनाई गई।
Edited by: KKS Sengar