
हरदेव यादव का जीवन जरूरतमंदों की सेवा को रहा है समर्पित: विधायक
सामाजिक समरसता के प्रतीक थे हरदेव यादव: सुधांशु रंजन
स्व. हरदेव यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
मांझी विधायक ने की मूर्ति स्थापना की घोषणा, सैकड़ों ने दी श्रद्धांजलि
रिपोर्ट: वीरेश सिंह, अम्बालिका न्यूज़,
मांझी (सारण): पंचायती राज व्यवस्था में आजीवन मांझी के मुखिया रहे एवं समाजसेवा को समर्पित स्व. हरदेव यादव की पुण्यतिथि समारोह का आयोजन हरदेव यादव कन्या उच्च विद्यालय के प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए माँझी के विधायक डॉ. सत्येन्द्र यादव ने कहा कि स्व. हरदेव यादव ने जाति, समुदाय और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और दलितों के लिए जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने घोषणा की कि स्व. हरदेव यादव और उनके पुत्र, पूर्व विधायक स्व. बुद्धन प्रसाद यादव की प्रतिमा स्थापना के लिए वे अपने निजी कोष से एक लाख रुपये का अनुदान देंगे।
सामाजिक समरसता के प्रतीक थे हरदेव यादव: सुधांशु रंजन
राजद नेता सुधांशु रंजन ने स्व. हरदेव यादव को सामाजिक समरसता और मानवता का सच्चा पुजारी बताया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, माँझी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यू सिंह ने उन्हें अद्वितीय व्यक्तित्व का धनी बताया।
गरीबों के बीच कंबल वितरण, मूर्ति स्थापना के लिए अनुदान की घोषणाएं:
कार्यक्रम के संयोजक ई. सौरभ सन्नी ने स्व. यादव को सच्चा समाजसेवक बताते हुए उनके विचारों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। इस दौरान पूर्व मुखिया सत्यनारायण प्रसाद यादव ने आगंतुक अतिथियों एवं विद्यालय के शिक्षकों को शॉल देकर सम्मानित किया और गरीबों के बीच कंबल वितरित किए।
मूर्ति स्थापना के लिए दलन प्रसाद यादव और हरेश प्रसाद यादव ने क्रमशः एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
भावुक हुआ माहौल, श्रोताओं ने लिया भजनों का आनंद:
स्व. यादव के साथ वर्षों तक रिक्शा चालक रहे सुकटी ने रो-रोकर अपने संस्मरण सुनाए, जिससे सभा का माहौल भावुक हो गया। इस दौरान गायक शैलेन्द्र समदर्शी की टीम ने भजन, निर्गुण और पूर्वी गीतों से श्रोताओं का मनोरंजन किया।
वरिष्ठ जनों ने किया संबोधित:
समारोह को जन सुराज नेता बच्चा राय, माँझी प्रखंड राजद अध्यक्ष गुड्डू कुशवाहा, जलालपुर राजद अध्यक्ष श्रीराम राय, मुखिया मुन्ना साह, जिला परिषद प्रतिनिधि ई. कमलेश यादव एवं राजू रुद्र यादव, पूर्व मुखिया जयप्रकाश सिंह, हरेश यादव, नवरत्न प्रसाद उर्फ संतोष पहलवान, बीरेंद्र यादव, सुरेंद्र तूफानी और नागेंद्र ठाकुर सहित कई अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व मुखिया दलन प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन रंजन शर्मा ने किया। सभा में सैकड़ों लोगों ने स्व. हरदेव यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

