
बिहार के प्रशासन पर आनंद मिश्रा का हमला; कहा, ‘प्रशासन अपने शासन को बना रही बेवकूफ’…स्थानीय नेताओं द्वारा किए गए वादे निकले हवा-हवाई
आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सारण जिले में युवा संघर्ष यात्रा का तीसरा दिन
मढ़ौरा चीनी मिल चालू करने के स्थानीय विधायक के वादे पर सवाल उठाते हुए इसे मुख्य मुद्दा बताया
रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज़ ब्यूरो,
छपरा (सारण): जन सुराज पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में चल रही युवा संघर्ष यात्रा सारण जिले में पहुंची हैं। यात्रा के तीसरे दिन गुरुवार की सुबह आनंद मिश्रा ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया। जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की।
उन्होंने कहा कि बिहार का प्रशासन अपने शासन को बेवकूफ बना रहा है। जमीन पर दलालों का ग्रुप चल रहा है, जो अपने अफसर को गलत फीडबैक दे रहे हैं। मुख्यमंत्री जब आते हैं जिले में, तो सभी चीजों की सजावट की जाती है, उनके जाते ही हालत पहले जैसी ही हो जाती है।
उन्होंने कहा कि बक्सर में मुख्यमंत्री के जाते ही लोग गमला उठा कर भागने लगे। इससे कहीं न कहीं जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा। इसलिए जन सुराज इन्हीं चीजों को समझने के लिए ग्राउंड पर उतरी है।
आनंद मिश्रा ने बिहार के मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि देश में हर वर्ग केलिए बहुत सारी योजनाएं हैं। लेकिन भ्रष्टाचार के कारण कोई भी योजना धरातल पर नहीं पहुंच पाती हैं। उदाहरण के तौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना या वृद्धा पेंशन योजना का लाभ लेने केलिए आपको कई जगह रिश्वत देना होता है। जन सुराज यह संघर्ष इसलिए कर रहा हैं। क्योंकि पूरे बिहार को अगर आप देखेंगे, तो हर जगह संघर्ष की ही कहानी मिलती है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस राज्य को बेहतर बनाएं और समस्याओं को सुलझाएं। हम इसे ही बदलने निकले हैं।
आगे आनंद मिश्रा ने सारण के स्थानीय विधायक द्वारा मढ़ौरा चीनी मिल की शुरुआत करने के वादे पर सवाल उठाया और कहा कि यह मुख्य मुद्दा है। उन्होंने यह वादा कर के जनता से वोट मांगा था लेकिन नेता जी गायब हैं। वहीं बालू माफिया और बढ़ते अपराध पर भी सवाल उठाया।
इस मौके पर शिवानुग्रह नारायण सिंह, कुलदीप महासेठ सहित मीडिया टीम के संदीप कश्यप आदि अन्य लोग मौजूद थे।

