नया साल क्षेत्रवासियों के लिए एक नई ऊर्जा व अवसर लेकर आएगा: श्रीकांत यादव
एकमा विधायक श्रीकांत यादव ने नए साल से पहले क्षेत्रवासियों को दिए प्रेरणादायक संदेश
कहा; यह समय आत्मचिंतन व नई संभावनाओं को साकार करने का
रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज़ ब्यूरो,
एकमा (सारण): एकमा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीकांत यादव ने नए वर्ष 2025 के आगमन पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक प्रेरणादायक संदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि यह समय आत्मचिंतन व नई संभावनाओं को साकार करने का है। विधायक श्री यादव ने क्षेत्र की प्रगति व विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि नया साल क्षेत्रवासियों के लिए एक नई ऊर्जा और अवसर लेकर आएगा।
उन्होंने अपने संदेश में क्षेत्र के युवाओं को मेहनत, अनुशासन और शिक्षा पर जोर देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा है कि “हमारे क्षेत्र का भविष्य हमारे युवाओं के हाथों में है। अगर हम सब मिलकर अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं, तो एकमा को विकास का आदर्श क्षेत्र बनाया जा सकता है।”
श्रीकांत यादव ने अपने कार्यकाल में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नए वर्ष में इन योजनाओं को और गति दी जाएगी।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से आपसी प्रेम व भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “समाज तभी आगे बढ़ता है, जब हर व्यक्ति एक-दूसरे की भलाई के लिए काम करता है। आइए, मिलकर एक ऐसा वातावरण बनाएं, जो हर व्यक्ति के विकास में सहायक हो।”
अंत में, उन्होंने सभी को सुरक्षित व स्वस्थ नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास की यह यात्रा सतत रूप से जारी रहेगी।