अम्बालिका न्यूज पर 11 जून 2022 को सारण जिले की एक नजर में फटाफट खबरें:
रिपोर्ट: मनीन्द्र नाथ सिंह मुन्ना,
दो पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर चली गोली, एक युवक जख्मी
मांझी (सारण)। शुक्रवार की देर धाम दाउदपुर थाना क्षेत्र के लेजुआर गांव में दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद के दौरान गोली चलने से एक युवक गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक आकाश कुमार बताया जाता है। घटना के बाद आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के द्वारा जख्मी युवक को सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने गम्भीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर शाम राजेन्द्र पूरी के दरवाजे पर किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गोली चलने से युवक जख्मी हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दाउदपुर थाना पुलिस ने लेजुआर गांव पहुंच कर घटना की जांच-पड़ताल की। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस गांव में कैम्प कर रही है। शनिवार को सदर एसडीपीओ एमपी सिंह व एकमा पुलिस सर्किल के इंस्पेक्टर बालेश्वर राय ने भी लेजुआर पहुंच कर घटना की जांच-पड़ताल की तथा दोनों पक्षों से बात-चीत कर मामले की जानकारी ली। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। घटना-स्थल से दो गोली बरामद होने की बात बतायी जा रही है। दाउदपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया है। उन्होंने कहा स्थिति पूरी तरह तरह से नियंत्रण में है। हालांकि पुलिस अभी भी कैम्प कर रही है।
//
पत्नी घर से हुई लापता, पति ने लगाई सुरक्षा की गुहार
मांझी (सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर फुलवरिया में एक विवाहिता के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के सम्बन्ध में ताजपुर फुलवरिया निवासी स्व ललन साह के पुत्र जयराम साह ने मांझी थाने में आवेदन देकर कहा है कि मेरी शादी दो वर्ष पूर्व गीता देवी पिता स्व रामेश्वर साह ग्राम वेलवनिया थाना विहिया जिला आरा के साथ हिन्दू रीति रिवाज दस जनवरी 2019 को धर्मनाथ मंदिर छपरा में सम्पन्न हुई थी। हम दोनों एक दूसरे के साथ खुशी खुशी जीवन व्यतीत कर रहे थे। मेरी पत्नी से एक पुत्र भी है। शादी के दो साल बाद दस जून 2022 को करीब आठ बजे रात्रि में मेरे दो साला क्रमशः अशोक साह और मुन्ना साह मेरे घर मोटरसाइकिल से आये और खाना खा कर सो गए। सब कुछ सामान्य था। बिजली मिस्त्री होने के कारण मैं रात्रि में ट्रांसफार्मर का कार्य करने चला गया था। सुबह लौटा तो देखा कि मेरी पत्नी गीता देवी घर पर नही है। मैंने अपनी माँ तथा आस पास के लोगो को इस बारे में पूछा तब जानकारी मिली कि जब सब लोग रात्रि में खाना खा कर सोने चले गए तब मेरी पत्नी के दोनों भाई मोटरसाइकिल पर अपने साथ लेकर चले गए। हालांकि अब उसका कोई पता नही चल पा रहा है। मुझे डर है कि दोनों भाई मेरी पत्नी के साथ कोई अप्रिय घटना न कर दे। क्योकि मेरी पत्नी ने दोनों भाइयों के खिलाफ होकर मुझसे मंदिर में शादी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
//
मारपीट की घटनाओं में छह महिला समेत 10
लोग घायल
एकमा (सारण)। एकमा पुलिस अंचल के विभिन्न गांवों में आपसी व भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में छह महिला समेत 10 लोग घायल हो गये। घायलों में योगिया गांव के नीलू सिंह, प्रज्ञा राठौर, देवपुरा गांव के दिलीप कुमार, पुनम देवी, चनचौरा गांव के जैतून निशा, आसमां खातून, बरेजा परसही गांव के सोनू कुमार राय, एकमा गांव रत्नावली कुमारी व विन्दालाल रामपुर गांव के वीरेन्द्र सिंह शामिल हैं। बताया जाता है कि घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अस्पताल के डॉ. आयुषमान कुमार व डॉ. गुंजन कुमार ने किया। इस संबंध में घायलों के द्वारा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
//
दलित उत्पीड़न कांड का फरार आरोपित गिरफ्तार
छपरा (सारण)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर रसूलपुर थानाध्यक्ष रामचन्द्र तिवारी व अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने नवादा गांव में छापेमारी कर दलित उत्पीड़न का फरार आरोपित मैनेजर साह को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित से आवश्यक पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले के फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है।
//
जनता दरबार में 8 मामले निष्पादित
मशरक (सारण)। मशरक थाना परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में 8 मामले का त्वरित कार्रवाई कर दो पक्षीय फरियादियों के बीच सुनवाई करते हुए मामले का निष्पादन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचल निरीक्षक महेंद्र राम ने किया। वहीं अंचल निरीक्षक महेंद्र राम ने बताया कि जमीनी संबंधित नया मामला शनिवार को 8 आए। जिसमें से 3 का निष्पादन किया गया। वहीं पूर्व के 7 मामले थे। जिसमें 5 का निष्पादन किया गया। सात बचे मामले पर कार्रवाई चल रही है। अगले शनिवार को दोनों पक्ष को नोटिस का तामिला कराकर अगले शानिवार को सुनवाई की जाएगी। डयूटी पर मौजूद अंचल कार्यालय सहायक शशिकांत कुमार, राजस्व कर्मचारी श्रेया श्री, दारोगा लक्ष्मण प्रसाद उपस्थित रहे।
//
जनता दरबार में एक शिकायत का हुआ निष्पादन
एकमा (सारण)। शनिवार को एकमा व रसूलपुर थाना परिसर में अंचलाधिकारी कुमारी सुषमा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान रसूलपुर थाने में भूमि से संबंधित कोई भी नयी शिकायत नहीं आयी। जबकि एकमा थाने में भूमि से संबंधित एक मामला आया। जिसे मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
इस मौके पर एकमा राजस्व अधिकारी प्रियंका कुमारी, थानाध्यक्ष देव कुमार तिवारी, रसूलपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र तिवारी, सीआई योगेंद्र पासवान सहित क्षेत्रीय राजस्व कर्मचारी व संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
/
मशरक-महमदपुर सड़क पर 30 जून तक सुबह 9 से शाम 6 बजे तक वाहन के परिचालन पर रोक
मशरक (सारण)। मशरक-महाराजगंज रेलखंड के चैनपुर एस एच- 90 पर रेल ओवरब्रिज पर गाडर लॉन्चिंग का कार्य शुरू हो गया है। जिसे लेकर मशरक से महमदपुर, सतरघाट, बंगराघाट जाने वाले मार्ग पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक वाहनों का परिचालन 30 जून तक बंद रहेगा। जिसके बारे में जिला पदाधिकारी सारण के निर्देश के आलोक में विधि व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु एसडीओ मढ़ौरा योगेंद्र कुमार एवं एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के संयुक्त हस्ताक्षर से विस्तृत निर्देश जारी करते हुए विभिन्न चौक के मार्ग पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। मशरक महावीर चौक पर अंचल निरीक्षक महेंद्र राम दंडाधिकारी जबकि सअनि विपिन कुमार, अम्बेडकर चौक कर्णकुदरिया पर किसान सलाहकार अजीत कुमार दंडाधिकारी, सअनि उपेंद्र प्रसाद यादव, महादेवा ब्रह्म स्थान कवलपूरा में कृषि समन्वयक मनोज कुमार तिवारी , सअनि हरेंद्र प्रसाद प्रतिनियुक्त किए गए है। इस अवधि में सीओ एवं थानाध्यक्ष मशरक को विशेष निगरानी रखने का निर्देश है। इस अवधि में छपरा पटना से महम्मदपुर जाने एवं बेतिया, गोपालगंज से पटना जाने वाले वाहन परिचालन एनएच 227 ए मशरक से मलमलिया होकर होगा।
//
महिला व दो बेटियों के साथ की मारपीट, पुलिस को दिया आवेदन
मशरक (सारण)। मशरक थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव में अकेली महिला और दो बेटियों के साथ मारपीट की गई। जिसमे घायल द्वारा थाना पुलिस को आवेदन दिया है दिए आवेदन पर थाना पुलिस प्राथमिकी कर ली है। दर्ज प्राथमिकि में घायल महिला मीरा देवी, पति मनोज रावत ने बताया कि उसके पति बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं महिला घर में अकेली है। उसके पटिदार संतु रावत पिता स्वर्गिय शिवपूजन राउत गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगें। जिसमें बचाने आई दो बेटियों को राधा कुमारी और प्रियंका कुमारी ने घायल हो गई। जिसका इलाज मशरक स्वास्थय केंद्र में किया गया। वहीं मारपीट के दौरान महिला को मंगलसूत्र व बच्चीयों को सोना के टॉप छिन्न लिया गया। मामले में थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।
//
फोटो:
हाईबा ने एक 3 वर्षीय मासूम बच्चा को कुचाला, परिजनों में मची चीख-पुकार
मशरक (सारण)। मशरक थाना क्षेत्र के मशरक-सहाजितपुर मुख्य मार्ग पर मदारपुर गांव मे अनियंत्रित हाईबा ने एक 3 वर्षीय बच्चा को रौदकर फरार हो गया। वहीं बच्चा की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान मदारपुर गांव निवासी इरशाद अंसारी के 3 वर्षीय पुत्र एहसान अली के रूप में की गई। वहीं घटनास्थल पर पंचायत के सरपंच दीपक सिंह, एंव बीडीसी सुबोध बाबा उपस्थित रहे। घटना कि सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राजेश कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दिए। घटना के बारे में बताया जाता है कि डॉक्टर के पास इलाज के लिए मृतक की मां और उसके पुत्र जाने के लिए ऑटो के इंतजार कर रहे थे कि तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित हाईबा ने कुचालकर फरार हो गया। जहां बच्चा कि मौके पर मौत हो गई। मृतक के पिता बाहर प्राइवेट कंपनी मे कार्यरत है। और मृतक अकेला ही था
//
शराब का थोक कारोबारी गिरफ्तार
मशरक (सारण)। मशरक, पानापुर, तरैया और गोपालगंज जिले के सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब का थोक कारोबारी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एएलटीएफ टीम की मदद से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मढ़ौरा डीएसपी इंद्रजीत बैठा ने शुक्रवार की रात मीडिया को बताया कि मशरक थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी भोला नट पिता संतलाल नट उर्फ पारा नट जो अवैध शराब का बड़ा थोक कारोबारी हैं। जो अलग-अलग थानों में एक दर्जन शराब के मामलों में नामजद आरोपी को थानाध्यक्ष मशरक राजेश कुमार ने एएलटीएफ टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार शराब धंधेबाज 900 लीटर के बरामद मामले में कांड संख्या 181/22 में फरार चल रहा था जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी इंद्रजीत बैठा ने बताया कि गिरफ्तार से पूछताछ की गई तों उसने कुछ और सफेदपोश थोक शराब धंधेबाज के नाम बताएं हैं जिनकी जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है जल्द ही वैसै लोगों की गिरफ्तारी की जाएंगी। वही उसकी अवैध शराब से बनाई गई संपति को जप्त करने को सरकार को लिखा जाएगा।
//
तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दुकानदार को रौंदा, घटना स्थल पर हुई मौत
पुल की रेलिंग तोड़ 15 फिट खाई में पलटा वाहन
मांझी (सारण)। छपरा-सिवान मुख्य मार्ग के एन-एच 531 पर स्थित नन्दलाल सिंह कॉलेज के समीप तेज रफ्तार से आ रही कार ने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए एक साइकिल सवार बुजुर्ग व्यक्ति को रौंद डाला। जिसमें उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी और कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 15 फिट गहरी खाई में पलट गई। मृत व्यक्ति जैतपुर पुरानी कोठी निवासी स्व. जलेश्वर राय के 65 वर्षीय पुत्र भीम राय उर्फ रमाकांत राय बताए जाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना में कार में सवार एक बैक कर्मी समेत उनके परिवार के करीब आधा दर्जन लोग जख्मी बताए जाते है। घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुँच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया तथा सभी घायलों को तत्कालिक उपचार के लिए दाउदपुर में भर्ती कराया जहाँ सभी लोग सुरक्षित व सकुशल बताए जाते है। वही दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना को लेकर लोग कुछ समझ पाते तबतक चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। घटना की जनकारी जैसे ही लोगो को मिली देखने के लिए लोगो की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना शनिवार को करीब ग्यारह बजे की बताई जाती है। घायलों में गड़खा गांव निवासी ओम प्रकाश गिरी के पुत्र भानु प्रकाश,देवमुनि देवी,पुक-पुक कुमार,गोलू-मोलू आदि शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवान में आई.सी.सी.आई बैक में कार्यरत भानु प्रकाश अपने परिजन को किराए के एक वैगनार वाहन बुक कर सिवान से अपने पैतृक गांव गड़खा रविवार को घर पर होने वाली शादी समारोह में सम्मलित होने जा रहे थे तभी नन्दलाल सिंह कालेज के समीप दुर्घटना हो गयी जिसमे जैतपुर पुरानी कोठी गांव से भीम राय रोज की तरह दाउदपुर बाजार अपने खैनी दुकान पर जा रहे थे तभी उक्त वाहन ने उनको ठोकर मार दिया जहा उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। बताया जाता है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बुजुर्ग को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए पुल की रेलिंग तोड़ पलट गई। लोगो का कहना है कि इतना जबरदस्त दुर्घटना होने के बाद भी वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए ये किसी ईश्वरीय चमत्कार से कम नही है। पति की असामयिक मौत से आहत पत्नी पन्ना देवी का रो-रो कर बुरा हाल बना है मृतक के चार पुत्र है जिनमे युगलकिशोर राय, बिनोद राय, अनिल राय व पप्पू राय है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर दुर्घटना स्थल पर जांच पड़ताल कर रही है।