HomeएकमाBihar: बिहार में फिर बनी चाचा-भतीजे की सरकार, नीतीश-तेजस्वी ने ली शपथ...

Bihar: बिहार में फिर बनी चाचा-भतीजे की सरकार, नीतीश-तेजस्वी ने ली शपथ / 2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नहीं रहेंगे: नीतीश / तेजस्वी बोले, एक महीने के अंदर देंगे बंपर नौकरियां

Bihar: बिहार में फिर बनी चाचा-भतीजे की सरकार, नीतीश-तेजस्वी ने ली शपथ

2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नहीं रहेंगे: नीतीश

तेजस्वी बोले, एक महीने के अंदर देंगे बंपर नौकरियां

रिपोर्ट: अम्बालिका न्यूज डेस्क,
पटना: बिहार में भाजपा और जदयू गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महा गठबंधन में चाचा-भतीजे की सरकार बन गई। बुधवार अपराह्न 02:00 बजे राजभवन में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लिया। इस बीच भाजपा ने बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के विरोध में महाधरना आयोजित किया। 

बिहार में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद अम्बालिका न्यूज पर आज दिन भर की राजनीतिक हलचल की खबरें पढ़ें एक नजर में:

2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नहीं रहेंगे: नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, 2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नही रहेंगे। नीतीश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी इशारों में निशाना साधा। कहा, जिनको लगता है विपक्ष खत्म हो जाएगा, तो हम लोग तो आ ही गए हैं विपक्ष में। 

चिराग बोले- मैंने तो भाजपा को आगाह किया था

चिराग पासवान ने कहा, बिहार की राजनीति को समझने वालों को इस फेरबदल से आश्चर्य नहीं हुआ होगा। मुख्यमंत्री तो कभी अपने शब्दों पर टिके ही नहीं रहे। कभी किसी गठबंधन के साथ वफादार नहीं रहे हैं। मैंने तो भाजपा को निरंतर आगाह किया था। 
 

उप-राष्ट्रपति बनना चाहते थे नीतीश: सुशील मोदी

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उप-राष्ट्रपति बनना चाहते थे लेकिन पार्टी द्वारा उनकी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रहने के बाद उन्होंने भाजपा का साथ छोड़ दिया। पूर्व डिप्टी सीएम के आरोप को जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन ने खारिज कर दिया। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के साथ घनिष्ठ संबंधों के लिए सजा के रूप में अपनी ही पार्टी द्वारा अकेले छोड़े गए नेता के रूप में सुशील मोदी का मजाक उड़ाया।
 

भाजपा ने नीतीश कुमार को जबरदस्ती बनाया था सीएम: ललन सिंह

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह का भाजपा पर आरोप- नीतीश कुमार 2020 में मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे लेकिन आपने (भाजपा) उन्हें जबरदस्ती सीएम बनाया। आरसीपी सिंह भाजपा के एजेंट बनकर जद (यू) में आए। आपने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया। हम आयकर, सीबीआई और ईडी से नहीं डरते। 
 

जो हुआ वो सही नहीं हुआ: पशुपति पारस

कल जो भी हुआ वह सही नहीं हुआ। ये बिहार के हित के लिए सही नहीं हुआ। 2020 में जब चुनाव हुए और 43 विधायक उनके दल के चुनकर आए थे इसके बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया। नीतीश जी ऐसा कुछ कर सकते हैं हमें इसकी खबर नहीं थी: केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस

भक्त चरण दास ने भाजपा पर ली चुटकी:

बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने बुधवार को चुटकी लेते हुए कहा कि हमें लगता है कि राज्य में भाजपा का पतन महाराष्ट्र में उसकी राजनीति और दलबदल इंजीनियरिंग का जवाब है। भगवा खेमे पर निशाना साधते हुए भक्त चरण दास ने कहा कि भाजपा मुक्त बिहार एक नया संदेश है जो लोगों को भेजा गया है। दास ने कहा कि जब देश की प्रगति, देश की आजादी और इसकी पहचान की बात आती है तो कांग्रेस हमेशा एक मजबूत स्तंभ रही है। भगवा पार्टी सभी छोटी पार्टियों का सफाया करना चाहती है। दास ने दावा किया कि वह भारत में सिर्फ एक पार्टी (भाजपा), एक रंग… और एक धर्म की स्थापना करना चाहता है। यह पूछे जाने पर कि क्या नई महागठबंधन की बिहार सरकार का अध्यक्ष कांग्रेस से होगा, जिसके पास विधानसभा में 19 विधायक हैं, दास ने कहा कि जो होगा अच्छे के लिए होगा।
 

विधानसभा में विपक्ष में सिर्फ भाजपा बचेगी तेजस्वी

महागठबंधन इतना मजबूत है कि विधानसभा में विपक्ष में सिर्फ भाजपा बचेगी। सीएम नीतीश कुमार द्वारा लिया गया मुश्किल फैसला एक ऐसा फैसला है जिसकी जरूरत थी। सांप्रदायिक तनाव भाजपा द्वारा फैलाया जा रहा था, वे क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव
 
तेजस्वी बोले, एक महीने के भीतर देंगे बंपर नौकरियां:

बिहार ने वही किया जो देश को करने की जरूरत है। हमने उन्हें रास्ता दिखाया है। हमारी लड़ाई बेरोजगारी के खिलाफ रही है। हमारे सीएम ने गरीबों और युवाओं का दर्द महसूस किया। हम गरीबों और युवाओं को एक महीने के भीतर बंपर नौकरी देंगे, यह इतना भव्य होगा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव

राबड़ी देवी के घर के बाहर जश्न का माहौल:

बिहार के डिप्टी-सीएम तेजस्वी यादव राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और जश्न का माहौल है। 

यूपी के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नेनीतीश-तेजस्वी को दी बधाइयां:

यूपी के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में श्री नीतीश कुमार जी एवं उपमुख्यमंत्री के रूप में श्री तेजस्वी यादव जी को शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

बिहार में शपथग्रहण समारोह समाप्त हो गया है। नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई है। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। शपथग्रहण के बाद तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के पैर भी छुए।

पार्टी के लोगो में असंतोष था: नीतीश

नीतीश कुमार ने कहा, 2020 में जो कुछ हुआ, उससे हमारी पार्टी के लोगो में असंतोष था। सबने हमसे अलग होने के लिए कहा, हम अलग हो गए। प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर उन्होंने कहा, मेरी कोई दावेदारी नहीं है। हमने जो भी निर्णय लिया है, अपने पार्टियों के साथियों के साथ लिया है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि हम निश्चित तौर पर विपक्ष को मजबूत करेंगे। 

मंत्रियों का शपथ ग्रहण जल्द: नीतीश

नीतीश कुमार ने कहा, हमारी सरकार बन गई है। शपथ भी हो गई। बाकी मंत्रियों के बारे में जल्द ही निर्णय लेकर थपथ ग्रहण कराई जाएगी। 

नीतीश ने की लालू से फोन पर बात:

बस अब से कुछ देर में नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश के साथ तेजस्वी भी डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि आज बस मुख्यमंत्री और उपमुख्य मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं इससे पहले बिहार के मनोनीत सीएम नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को फोन किया और उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी राजनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बधाई दी और उनके फैसले की सराहना की।

भाजपा ने सहयोगी दल को कभी नहीं तोड़ा: सुशील कुमार मोदी:

बिहार में गठबंधन टूटने के बाद राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने प्रेस वार्ता कर एक-एक आरोप का जवाब दिया। मोदी ने कहा कि अमित शाह ने मंत्रालय के लिए नीतीश कुमार को फोन किया था। नीतीश कुमार ने ही आरसीपी सिंह का नाम दिया था। मान लीजिए अगर हमने मंत्री बना दिया था तो नीतीश ने उस समय विरोध क्यों नहीं किया? यह सरासर गलत आरोप है कि भाजपा ने नीतीश जी से बिना पूछे आरसीपी को मंत्री बना दिया। भाजपा ने नीतीश कुमार को पांच साल तक मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा ने नीतीश का हमेशा सम्मान किया। 

सीएम नीतीश ने लालू से की बात:

बिहार के मनोनीत सीएम नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को फोन किया और उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी राजनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बधाई दी और उनके फैसले की सराहना की।  वहीं एक और बड़ी खबर आ रही है कि जीतन राम मांझी मंत्रालय को लेकर नाराज चल रहे हैं। मांझी का कहना है कि सभी मंत्री आज ही शपथ लें और मंत्रालय के बंटवारा पर भी स्थिति स्पष्ट हो।

‘अच्छा सिला दिया तूने हमलोगों के प्यार का’: शाहनवाज हुसैन

भाजपा नेता और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश जी के साथी अच्छे नहीं हैं।…’अच्छा सिला दिया तूने हमलोगों के प्यार का’ ये तो बड़ी गलत बात है। जब भी मिले कभी आभास नहीं हुआ कि वे छोड़ कर जाएंगे। लोकसभा के चुनाव में 40 सीट भाजपा जीतेगी। 

विधानसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी:

नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनते ही महागठबंधन की तरफ से विधानसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं नीतीश की पलट नीति के खिलाफ आज भाजपा सड़क पर उतर गई है।

Edited by: Prof. A. K. Singh/K. K. S. Sengar (Source: A. U.)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments